बीजापुर। नक्सल प्रभावित बस्तर से बड़ी खबर सामने आई है। लंबे समय से सक्रिय टॉप नक्सली कमांडर पापाराव उर्फ मंगू ने मंगलवार को बीजापुर जिले के कुटरू थाना में सुरक्षा बलों के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। उसके साथ कुल 18 नक्सलियों ने हथियार डाल दिए।
जानकारी के अनुसार, पापाराव अपने साथियों के साथ AK-47 समेत कई आधुनिक हथियार लेकर थाने पहुंचा। सभी नक्सलियों को कड़ी सुरक्षा के बीच जगदलपुर भेजा गया है।
भारी मात्रा में हथियार बरामद
उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने बताया कि सरेंडर करने वालों में 10 पुरुष और 8 महिलाएं शामिल हैं। इनके पास से 8 AK-47, 1 SLR और 1 INSAS सहित अन्य हथियार बरामद किए गए हैं।
पश्चिम बस्तर का बड़ा चेहरा
करीब 56 वर्षीय पापाराव सुकमा जिले का निवासी है और नक्सल संगठन में DKSZC सदस्य के साथ पश्चिम बस्तर डिवीजन का इंचार्ज रहा है। वह लंबे समय से सुरक्षा बलों के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ था।
नक्सल नेटवर्क को बड़ा झटका
पापाराव के सरेंडर को नक्सल संगठन के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। इससे पहले कई बड़े नक्सली या तो मारे जा चुके हैं या आत्मसमर्पण कर चुके हैं।









