Thursday, March 12, 2026

बस्तर में सुरक्षाबलों का बड़ा प्रहार: सुकमा में 12 और बीजापुर में 2 नक्सली ढेर, हथियार बरामद

सुकमा/बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग में शनिवार को सुरक्षाबलों ने माओवादियों के खिलाफ बड़ी और निर्णायक कार्रवाई करते हुए जबरदस्त सफलता हासिल की है। सुकमा और बीजापुर जिलों में अलग-अलग स्थानों पर हुई मुठभेड़ों में कुल 14 नक्सली मारे गए, जबकि भारी मात्रा में हथियार भी बरामद किए गए हैं।

सुकमा मुठभेड़: डीआरजी जवानों ने ढेर किए 12 नक्सली
सुकमा जिले के किस्टाराम थाना क्षेत्र में डीआरजी (डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड) के जवानों ने नक्सलियों पर बड़ा प्रहार किया। सर्च ऑपरेशन के दौरान नक्सलियों और सुरक्षाबलों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें जवानों ने 12 नक्सलियों को मार गिराया। मारे गए नक्सलियों में डीवीसीएम मंगडु के भी ढेर होने की सूचना है।
मुठभेड़ स्थल से सभी 12 नक्सलियों के शवों के साथ एक एके-47 और इंसास राइफल समेत अन्य हथियार बरामद किए गए हैं। सुरक्षाबलों का इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी है।

बीजापुर मुठभेड़: 2 माओवादी ढेर, सर्च ऑपरेशन जारी
वहीं नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले के दक्षिणी क्षेत्र में शनिवार सुबह से डीआरजी जवानों और माओवादियों के बीच मुठभेड़ चल रही है। इस दौरान सुरक्षाबलों ने दो नक्सलियों को मार गिराया, जिनके शव और हथियार मुठभेड़ स्थल से बरामद कर लिए गए हैं। दोनों ओर से रुक-रुक कर फायरिंग की जा रही है।

जानकारी के अनुसार, बीजापुर जिले के दक्षिण क्षेत्र में सशस्त्र माओवादियों की मौजूदगी की सूचना मिलने पर डीआरजी की टीम सर्च ऑपरेशन पर निकली थी। इसी दौरान सुबह करीब 05 बजे मुठभेड़ शुरू हुई।
बीजापुर एसपी डॉ. जितेन्द्र यादव ने मुठभेड़ और दो नक्सलियों के मारे जाने की पुष्टि की है।