सूरजपुर। आमतौर पर दहेज और घरेलू प्रताड़ना के मामलों में बहू के पीड़ित होने की खबरें सामने आती हैं, लेकिन सूरजपुर जिले से एक हैरान कर देने वाला उल्टा मामला सामने आया है। यहां बहू की कथित प्रताड़ना से परेशान एक सास ने इच्छामृत्यु की मांग कर दी है। इस घटना ने पारिवारिक रिश्तों के बदलते स्वरूप और बढ़ते विवादों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, सूरजपुर जिले के लटोरी निवासी शकुंतला पाण्डेय ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर अपनी बहू रागनी मिश्रा के खिलाफ मानसिक और आर्थिक प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए हैं। सास का कहना है कि उनकी बहू उन्हें लगातार परेशान कर रही है और पैसों की मांग कर रही है।
शकुंतला पाण्डेय ने बताया कि 3 अक्टूबर 2021 को उनकी बहू ने दहेज प्रताड़ना का आरोप लगाकर घर छोड़ दिया था, जिससे उनके बेटे वेद प्रकाश और पूरे परिवार को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। अब करीब चार साल बाद बहू के वापस लौटने के बाद घर में फिर से तनाव की स्थिति बन गई है।
सास का आरोप है कि बहू दोबारा मानसिक दबाव बनाकर और आर्थिक मांगों के जरिए उन्हें प्रताड़ित कर रही है। इसी से तंग आकर उन्होंने इच्छामृत्यु की मांग की है।
इस मामले में पुलिस ने आवेदन मिलने के बाद तत्परता दिखाते हुए दोनों पक्षों को परिवार परामर्श केंद्र भेज दिया है, जहां आपसी समझाइश और सुलह का प्रयास किया जा रहा है। फिलहाल पुलिस का कहना है कि बातचीत के जरिए ही मामले का समाधान निकालने की कोशिश की जा रही है।









