बांगो परियोजना की वितरक नहरों के लिए 8.34 करोड़ रुपए स्वीकृत, सिंचाई सुविधा होगी बेहतर

बांगो परियोजना की वितरक नहरों के कार्यों के लिए 8 करोड़ रूपए स्वीकृतरायपुर। छत्तीसगढ़ शासन के जल संसाधन विभाग ने किसानों को बेहतर सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है। विभाग द्वारा हसदेव बांगो परियोजना की वितरक नहरों के विभिन्न कार्यों के लिए कुल 8 करोड़ 34 लाख 54 हजार रुपए की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है।

यह राशि जांजगीर-चांपा जिला के विकासखंड पामगढ़ क्षेत्र में संचालित परियोजना से जुड़ी वितरक नहरों के सुधार और उन्नयन कार्यों पर खर्च की जाएगी। स्वीकृत कार्यों में अकलतरा शाखा नहर के अंतर्गत डुमरपाली, हेड़सपुर और डुड़गा वितरक नहरों तथा उनके माइनरों की क्षतिग्रस्त लाइनिंग की मरम्मत सहित अन्य आवश्यक निर्माण कार्य शामिल हैं। इसके लिए 4 करोड़ 11 लाख 25 हजार रुपए स्वीकृत किए गए हैं।

इन कार्यों के पूर्ण होने से परियोजना के रूपांकित सिंचाई क्षेत्र 2493 हेक्टेयर में 280 हेक्टेयर की कमी की पूर्ति हो सकेगी और पूरे निर्धारित क्षेत्र में प्रभावी सिंचाई सुविधा उपलब्ध हो जाएगी। इससे क्षेत्र के किसानों को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है।

इसके अलावा अकलतरा शाखा नहर के आर.डी. 19 किलोमीटर पर स्थित स्केप के उन्नयन और नाला ट्रीटमेंट कार्य के लिए भी 4 करोड़ 23 लाख रुपए स्वीकृत किए गए हैं।

जल संसाधन विभाग ने सभी स्वीकृत कार्यों के निष्पादन के लिए मुख्य अभियंता, मिनीमाता (हसदेव) बांगो परियोजना को प्रशासकीय स्वीकृति जारी कर दी है। विभाग के अनुसार कार्य पूर्ण होने के बाद क्षेत्र में सिंचाई व्यवस्था अधिक सुदृढ़ और प्रभावी हो जाएगी।