
रायपुर में आयोजित धर्म संसद में गांधीजी का अपमान करने वाले महाराष्ट्र के संत कालीचरण पर रायपुर में FIR दर्ज हो गई है। खास बात यह है कि जिन कालीचरण को कांग्रेसी धर्म संसद में हाथ जोड़कर प्रणाम कर रहे थे, बाद में वही उनके खिलाफ FIR करवाने पहुंच गए। पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष मोहन मरकाम ने ‘ढोंगी बाबा हाय..हाय..’ के नारे लगाए।
संत कालीचरण को IPC की गैर जमानती धारा 505 (2) के तहत शांति भंग करने के मकसद से आपत्तिजनक बयान देने, समुदायों के प्रति नफरत पैदा करने और धारा 294 के तहत अश्लील गाली गलौज करने का आरोपी बनाया गया है। सिविल लाइंस के CSP वीरेंद्र चतुर्वेदी ने बताया कि मोहन मरकाम के आवेदन को कार्रवाई के लिए थाने भेज दिया गया है। इधर विवादित बयान देने के फौरन बाद कालीचरण महाराष्ट्र रवाना हो गए।







