Monday, March 23, 2026

बारात से लौट रही XUV700 में लगी आग, दूल्हा-दुल्हन समेत 7 लोगों ने कूदकर बचाई जान

मुंगेली। छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले में एक बड़ी घटना टल गई, जब बारात से लौट रही एक XUV700 कार में अचानक आग लग गई। गाड़ी में सवार दूल्हा-दुल्हन समेत कुल 7 लोगों ने सूझबूझ दिखाते हुए समय रहते बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली। घटना लालपुर थाना क्षेत्र के बंधवापुल के पास की है।

जानकारी के अनुसार, बेमेतरा जिले के खाती गांव से बारात मुंगेली के मोहतरा गांव आई थी, जहां बीती रात विवाह समारोह संपन्न हुआ। सुबह विदाई के बाद दूल्हा-दुल्हन सहित 7 लोग XUV700 कार से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में ड्राइवर को गाड़ी से धुआं निकलता दिखाई दिया।

ड्राइवर ने तुरंत वाहन रोका और बाहर निकलकर देखा तो आग तेजी से फैलने लगी थी। देखते ही देखते कार के अंदर धुआं भर गया, जिससे कुछ भी दिखाई देना बंद हो गया। स्थिति की गंभीरता को समझते हुए सभी लोग आनन-फानन में गाड़ी से बाहर निकल गए।

कुछ ही पलों में कार धूं-धूं कर जलने लगी और पूरी तरह खाक हो गई। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।