बालोद। जिले के गुरुर ब्लॉक स्थित ग्राम भानपुरी में लगातार 24 घंटे की बारिश के बाद किसान के खेत की जमीन अचानक धंस गई। देखते ही देखते खेत में करीब 20 फीट चौड़ा और 30 फीट से अधिक गहरा विशाल गड्ढा बन गया। घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत फैल गई। सूचना पर कृषि और राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। प्रशासन ने सुरक्षा के मद्देनजर गड्ढे के आसपास लोगों की आवाजाही पर रोक लगा दी है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि जहां जमीन धंसी है, वहां करीब 25 साल पुराना बंद पड़ा बोरवेल था, जिसका केसिंग पाइप भी जमीन के अंदर समा गया। ग्रामीणों ने पूरे क्षेत्र का भू-वैज्ञानिक सर्वे कराने और जमीन धंसने के कारणों की वैज्ञानिक जांच की मांग की है।











