Tuesday, March 10, 2026

बालको प्लांट के मजदूर 13 मार्च को करेंगे विशाल धरना-प्रदर्शन, साई मंगलम भवन में हुई अहम बैठक

कोरबा। कोरबा में बालको प्लांट के मजदूरों की विभिन्न मांगों और समस्याओं को लेकर आगामी 13 मार्च को प्रस्तावित विशाल धरना-प्रदर्शन की तैयारियों के संबंध में सोमवार को साई मंगलम भवन, बालको में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) के प्रदेश महामंत्री निलेश चौहान शामिल हुए और मजदूरों की समस्याओं को गंभीरता से सुना।

बैठक के दौरान मजदूरों की विभिन्न समस्याओं, उनके अधिकारों और लंबित मांगों पर विस्तार से चर्चा की गई। उपस्थित मजदूरों और नेताओं ने एकजुट होकर मजदूरों के हक, सम्मान और न्याय की लड़ाई को मजबूती से लड़ने का संकल्प लिया।

बैठक में निर्णय लिया गया कि 13 मार्च को कोरबा में बालको प्लांट के मजदूरों द्वारा विशाल धरना-प्रदर्शन किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में मजदूर शामिल होंगे। इस आंदोलन में जेसीसीजे के सुप्रीमो अमित जोगी भी शामिल होकर मजदूरों की आवाज को बुलंद करेंगे। नेताओं ने कहा कि मजदूरों के हक और न्याय के लिए अब बालको प्लांट की “खटिया खड़ी” करने का संकल्प लिया गया है।

बैठक में प्रमुख रूप से बालको एटक एवं कम्युनिस्ट पार्टी के वरिष्ठ नेता कामरेड एम.एल. रजक, मूलनिवासी मुक्ति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ऋषिकर भारती, सुशील निर्मलकर, देवेंद्र सिंह ठाकुर, अजय चेट्टी, धर्मेंद्र तिवारी, हुसैन खान, मन्नुलाल लठिया, अजय निराला, संतोष गड़ेवाल, शिव साहू, सुनील सुना, भूपेंद्र चौधरी, अरुण साहू, ईश्वर सिंह, लक्ष्मण, विदेशी, महादेव कुर्रे सहित बालको यूनियन के कई पदाधिकारी और मजदूर साथी उपस्थित रहे।

बैठक में नेताओं ने कहा कि यदि मजदूरों की जायज मांगों को जल्द पूरा नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह आंदोलन मजदूरों के अधिकार, सम्मान और उनके भविष्य की रक्षा के लिए किया जा रहा है।