बिलासपुर: एक ट्रेन का इंजन बिना ड्राइवर स्टार्ट होकर बिलासपुर स्टेशन की ओर लोको शेड से सिरगिट्टी की ओर निकल गया। कुछ दूरी तक पटरी पर दौड़ने के बाद इंजन खंभों और सिग्नल को तोड़ता हुआ सड़क पर उतर गया।बिलासपुर रेलवे स्टेशन से ठीक पहले तारबाहर-सिरगिट्टी रेलवे फाटक के पास सोमवार दोपहर बड़ा हादसा होने से टल गया।
इंजन करीब 100 मीटर तक सड़क पर घिसटता रहा। जिस जगह हादसा हुआ, वह शहर का व्यस्ततम इलाका है। गनीमत रही कि इंजन की चपेट में कोई नहीं आया। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि जब उन्होंने इंजन को पास से देखा तो उसमें कोई ड्राइवर नहीं था। अधिकारियों की पूछताछ में लोको शेड के किसी सफाई कर्मचारी से इंजन स्टार्ट होने और उसके चालू होने की बात सामने आई है।
हादसा स्थल के करीब सुरेंद्र स्वर्णकार की दुकान है। सुरेंद्र कहते हैं कि वे अपने काम में लगे हुए थे कि दोपहर 3 बजे अचानक जैसे बिजली कड़कने की आवाज आती है, वैसा ही तेज विस्फोट जैसा हुआ। हम लोगों को कुछ समझ नहीं आया। रेल लाइन किनारे देखा तो एक इंजन पटरी छोड़कर साइड में लगे तीन-चार खंभों को तोड़ता हुआ सड़क पर घिसटता दिखा।









