Friday, August 7, 2026

बिलासपुर में स्टूडेंट की गैंगवार:छात्रों के दो गुटों में मारपीट, जमकर चले लात-घूंसे; एक पक्ष के खिलाफ FIR

बिलासपुर में युवकों के दो गुटों में गैंगवार का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है। यह वीडियो एक फरवरी की रात है। इसमें दोनों पक्ष एक-दूसरे की जमकर पिटाई करते नजर आ रहे हैं। पुलिस ने हमला करने वाले युवकों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। इस हमले में घायल दो छात्रों का CIMS में इलाज चल रहा है। घटना सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र की है।

घटना एक फरवरी की रात की है। गोंड़पारा में रहने वाला अमन श्रीवास्तव 11 वीं कक्षा का छात्र है। वह बर्जेस स्कूल में पढ़ता है। रात करीब 11 बजे वह अपने भाई अभिजीत श्रीवास्तव और दोस्त प्रकाश सोनी के साथ घर के पास खड़ा था। उसी समय प्रखर ठाकुर, सिद्धार्थ श्रीवास्तव, यश सोनी और गौरव श्रीवास्तव आए। आरोप है कि उन्होंने पुरानी रंजिश को लेकर गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। विवाद होते देखकर मोहल्ले के युवक भी आ गए और दोनों पक्षों में जमकर मारपीट होने लगी। युवक हाथ-मुक्के व लात-घूंसों से पिटाई करते रहे।

मोहल्ले की महिलाओं ने बनाया वीडियो
मोहल्ले में युवकों के बीच शोरशराबा व मारपीट होते देखकर भीड़ जुट गई। इस दौरान महिलाओं ने अपने घर की छत से मोबाइल से वीडियो बना लिया। यह वीडियो अब सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है। इसमें गैंगवार की इस घटना में हमलावरों पर साधारण मारपीट का मामला दर्ज करने को लेकर पुलिसिया कार्रवाई पर भी सवाल उठाए जा रहे हैं।

शहर में लगातार हो रही चाकूबाजी और गैंगवार
शहर में चाकूबाजी और गैंगवार की घटनाएं लगातार हो रही है। तीन माह पहले तारबाहर थाने के सामने युवकों के दो गुटों में सरेराह मारपीट हो गई थी। सिविल लाइन क्षेत्र में युवकों के दो गुटों में जमकर मारपीट हो गई थी। इस मामले में भी पुलिस ने दोनों पक्षों पर केस दर्ज किया है। इसके बाद 20 जनवरी को सरकंडा के अशोकनगर में चाकू मारकर एक युवक की हत्या कर दी गई। पांच दिन पहले जमीन विवाद के चलते सिविल लाइन क्षेत्र के नेहरू नगर में चाकूबाजी में युवक घायल हो गया था।