बिलासपुर में 3.5 करोड़ की लूट का खुलासा, यूपी से 4 संदिग्ध हिरासत में

बिलासपुर। राजकिशोर नगर के सराफा कारोबारी संतोष तिवारी से 17 फरवरी की रात हुई करीब 3.50 करोड़ रुपये की लूट के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सूत्रों के मुताबिक चार संदिग्ध आरोपियों को मिर्जापुर जिला के अहरौरा थाना क्षेत्र से हिरासत में लिया गया है। पुलिस टीम उन्हें लेकर वापस लौट रही है।

हथियारबंद बदमाशों ने किया था हमला

जानकारी के अनुसार, संतोष तिवारी की वसंत विहार चौक स्थित महालक्ष्मी ज्वेलरी शॉप है। मंगलवार रात करीब 9 बजे दुकान बंद कर वे सोने के आभूषण कार में लेकर घर लौट रहे थे। घर से कुछ दूरी पहले बीएसएनएल ऑफिस गली के तिराहे पर एक सफेद कार ने उनकी कार को टक्कर मार दी।

टक्कर के बाद जैसे ही वे बाहर निकले, कार सवार हथियारबंद लुटेरों ने उन पर हमला कर दिया। सिर पर गंभीर चोट पहुंचाने के बाद बदमाश करीब साढ़े तीन करोड़ रुपये के आभूषण, साढ़े तीन लाख रुपये नकद और उनकी कार लेकर फरार हो गए।

गाड़ियां बदलकर यूपी भागे आरोपी

वारदात के बाद लुटेरे अपनी वैन और बाइक छोड़कर कारोबारी की कार से भाग निकले। बाद में उर्तुम में कार छोड़कर अलग-अलग वाहनों — स्कॉर्पियो और ह्युंडई आई20 — से उत्तर प्रदेश की ओर फरार हो गए। मोबाइल लोकेशन और पुराने आपराधिक रिकॉर्ड के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंची।

6 महीने तक की रेकी

पुलिस के मुताबिक आरोपी पिछले छह महीने से सीपत में किराये के मकान में रहकर इलाके की रेकी कर रहे थे। पूरी योजना के तहत कारोबारी को निशाना बनाया गया था। कार्रवाई में उत्तर प्रदेश एटीएस की भी मदद ली गई।