Thursday, July 30, 2026

बिलासपुर सेंट्रल जेल में कैदी ने गैसीफायर की जलती भट्ठी में लगाई छलांग, डबल मर्डर केस में काट रहा था उम्रकैद

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर सेंट्रल जेल में बुधवार को एक कैदी ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। डबल मर्डर के मामले में उम्रकैद की सजा काट रहे कैदी ने जेल परिसर में स्थित गैसीफायर प्लांट की जलती हुई भट्ठी में छलांग लगा दी। घटना के बाद जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया।

मृतक की पहचान राहुल उर्फ विकेश कंवर (46) के रूप में हुई है। वह बम्हनीडीह, चांपा का रहने वाला था और पिछले करीब 10 साल से बिलासपुर सेंट्रल जेल में बंद था।

गैसीफायर प्लांट की जलती भट्ठी में कूदा कैदी

जानकारी के मुताबिक, बिलासपुर सेंट्रल जेल परिसर में गैसीफायर प्लांट स्थापित है। यहां लकड़ियों का इस्तेमाल कर गैस तैयार की जाती है, जिसका उपयोग जेल की रसोई में बंदियों के लिए खाना पकाने में किया जाता है।

बताया जा रहा है कि बुधवार को प्लांट की भट्ठी चालू थी। इसी दौरान राहुल अचानक गैसीफायर प्लांट के पास पहुंचा और देखते ही देखते जलती हुई भट्ठी में छलांग लगा दी।

घटना के बाद जेलकर्मियों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। हादसे में उसकी मौत हो गई।

डबल मर्डर केस में काट रहा था उम्रकैद की सजा

राहुल उर्फ विकेश कंवर डबल मर्डर के मामले में दोषी ठहराया गया था और आजीवन कारावास की सजा काट रहा था। वह करीब एक दशक से जेल में निरुद्ध था। फिलहाल उसकी मौत के पीछे की वास्तविक वजह क्या थी, इसे लेकर जांच की जा रही है।

कलेक्टर और पुलिस अफसरों ने किया घटनास्थल का निरीक्षण

घटना की जानकारी मिलते ही कलेक्टर संजय अग्रवाल और SSP रजनेश सिंह समेत पुलिस और प्रशासन के अधिकारी बिलासपुर सेंट्रल जेल पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और जेल प्रशासन से घटना की जानकारी ली।

वहीं, मामले की जांच के लिए FSL और पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंची। घटना किन परिस्थितियों में हुई और कैदी गैसीफायर प्लांट तक कैसे पहुंचा, इसकी जांच की जा रही है।