बिलासपुर। स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की बिल्हा शाखा में 2 करोड़ रुपये से अधिक के गबन मामले में एंटी करप्शन ब्यूरो ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तत्कालीन कैशियर तेजवथ थीरापतम्मा को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के पास से एक संदिग्ध मोबाइल भी जब्त किया गया है।
एंटी करप्शन ब्यूरो छत्तीसगढ़ के अनुसार, 19 दिसंबर 2024 से 2 जनवरी 2025 के बीच आरोपी ने बैंक रिकॉर्ड और खातों में छेड़छाड़ कर करीब 2.06 करोड़ रुपये का गबन किया। यह रकम कई खातों में ट्रांसफर कर खर्च को भोजन, किराया और रखरखाव जैसे मदों में दिखाया गया।
मामले में शिकायत के बाद जांच शुरू हुई थी और विभागीय जांच में भी वित्तीय अनियमितता की पुष्टि हुई। आरोपी जून 2025 से निलंबित थी और उसे जगदलपुर स्थित रीजनल बिजनेस ऑफिस में अटैच किया गया था।
एसीबी ने आरोपी को विशेष न्यायालय में पेश कर रिमांड की कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले में अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच जारी है।








