Saturday, August 22, 2026

बिहार में ‘अग्निपथ’ का विरोध :लखीसराय में ट्रेन में आगजनी के दौरान 1 की मौत, 9 ट्रेनें फूंकीं; मधेपुरा-सासाराम में भाजपा दफ्तर जलाया

केंद्र की सेना में अग्निपथ योजना के खिलाफ बिहार तीसरे दिन भी जला। लखीसराय में विक्रमशिला एक्सप्रेस में आगजनी के दौरान एक शख्स की मौत हुई है। बताया जा रहा है कि वो ट्रेन में मौजूद था। आग की चपेट में वो गया, जिससे उसकी मौत हो गई।

राजधानी पटना समेत 25 जिलों में जमकर उपद्रव हुआ। दानापुर और लखीसराय स्टेशन समेत आधा दर्जन से अधिक स्टेशनों पर आगजनी की गई। 9 ट्रेनों को आग के हवाले कर दिया गया। पुलिस पर पथराव किया गया। कुछ जगहों पर पुलिस ने लाठीचार्ज और फायरिंग की।

बेतिया में प्रदर्शनकारियों ने डिप्टी सीएम रेणु देवी, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष संजय जायसवाल के घर पर हमला किया। यहां पर भाजपा विधायक विनय बिहारी की गाड़ी पर पथराव किया गया। सासाराम और मधेपुरा में भाजपा दफ्तर को प्रदर्शनकारियों ने फूंक दिया। एक दिन पहले नवादा में भाजपा कार्यालय को जला दिया गया था। दो विधायकों पर हमले हुए थे।

प्रदर्शनकारियों ने इस्लामपुर रेलवे स्टेशन पर इस्लामपुर-हटिया एक्सप्रेस ट्रेन में आग लगा दी। एसी बोगी समेत करीब 4 कोच धू धू कर जले।

सासाराम में टोल प्लाजा में घुसकर प्रदर्शनकारियों ने तोड़फोड़ की। टोल प्लाजा में आगजनी भी की गई है। प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए पुलिस को फायरिंग करनी पड़ी है। कई राउंड फायरिंग की खबर है। आरा में सड़क पर आगजनी के बाद जाम लगाया गया है।

​​​​वैशाली के हाजीपुर रेलवे स्टेशन पर उग्र छात्रों ने तोड़फोड़ की है। समस्तीपुर में प्रदर्शनकारियों ने जम्मूतवी-गुवाहाटी एक्सप्रेस, बिहार संपर्क क्रांति में आग लगा दी। हाजीपुर-बरौनी रेलखंड के मोहिउद्दीननगर स्टेशन पर भी आगजनी की गई है। प्रदर्शनकारी सुबह 6 बजे से ही ट्रैक पर डटे हुए हैं। रेलवे ने जहां-तहां ट्रेनों को रोक दिया है। कई ट्रेनें रद्द भी कर दी गई हैं।