बिहार में JDU-BJP गठबंधन टूटा:नीतीश बोले- भाजपा ने हमेशा धोखा दिया

बिहार में 5 साल बाद फिर से नीतीश कुमार की पार्टी JDU और BJP के बीच गठबंधन टूट गया है। मुख्यमंत्री आवास पर JDU के सांसदों और विधायकों की मीटिंग में इसकी घोषणा की गई है। सूत्रों के मुताबिक JDU की मीटिंग में नीतीश कुमार ने कहा कि भाजपा हमेशा हमें कमजोर करने की कोशिश की। भाजपा ने मुझे अपमानित किया। 2013 से लेकर अब तक भाजपा ने सिर्फ धोखा ही दिया।

इधर, नीतीश ने राज्यपाल फागू सिंह चौहान से मिलने का समय मांगा है। अब से थोड़ी देर में JDU नेताओं के साथ मुख्यमंत्री राजभवन जाएंगे। तेजस्वी भी उनके साथ होंगे। राजभवन के पास पुलिस ने बैरिकेडिंग की है। भारी पुलिस बल भी तैनात किया गया है।

RJD, कांग्रेस और वामदलों ने नीतीश सरकार को समर्थन देने के लिए पत्र तैयार कर लिया है। इसी बीच कांग्रेस विधायक शकील अहमद खान ने कहा है कि नीतीश कुमार महागठबंधन के मुख्यमंत्री होंगे। सब कुछ तय हो गया है।

  • पटना में भाजपा ने इमरजेंसी मीटिंग बुलाई है। मीटिंग में भाजपा कोटे के सभी मंत्रियों और संगठन के नेताओं को बुलाया गया है।
  • RJD विधायक दल के नेता तेजस्वी यादव समर्थन पत्र सौंपने के लिए अब से थोड़ी देर में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के आवास पर जाएंगे। तेजस्वी करीब 115 विधायकों का समर्थन पत्र सौपेंगे।
  • सूत्रों के मुताबिक नई सरकार के गठन से पहले तेजस्वी यादव ने गृह मंत्रालय मांगा है। गृह मंत्रालय अभी तक नीतीश के पास है। पिछली सरकार में तेजस्वी के पास पथ निर्माण विभाग था।