Thursday, May 14, 2026

बिहार से गिरफ्तार चीनी नागरिकों का 3 राज्यों से कनेक्शन:नोएडा में रुके, असम का ATM मिला; महाराष्ट्र, असम और नगालैंड के SIM बरामद

भारत-नेपाल सीमा पर पकड़े गए चीनी नागरिकों का नोएडा, दिल्ली के साथ तीन अन्य राज्यों का भी कनेक्शन सामने आया है। उनके पास से बरामद 6 सिम कार्ड में 1 असम, 2 महाराष्ट्र और 3 नगालैंड के हैं। सीतामढ़ी पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार किए गए चीनी नागरिकों के पास से दो ATM कार्ड भी बरामद हुए हैं।

पुलिस की पड़ताल में पता चला है कि दोनों चीनी नागरिक नेपाल सीमा से बिना वीजा के भारत में घुसे थे। इन्होंने बताया है कि वे चीन से थाईलैंड होते हुए काठमांडू गए थे, जहां से भिट्ठामोड़ बॉर्डर तक का सफर साइकिल से किया। इसके बाद पैदल ही भारत-नेपाल बॉर्डर पार किया था। जब ये उसी रास्ते से वापस जा रहे थे, तभी इन्हें पकड़ा गया।

दूसरों के नाम के ATM भी मिले
चीनी नागरिकों से जो ATM कार्ड बरामद हुए हैं, वे असम के दो युवक सिमंता राभा और अर्शन बसुमतारी के नाम से जारी किए गए हैं। इन्हें ICICI बैंक ने इश्यू किया गया है। वही एयरटेल और जियो कंपनी के मोबाइल नंबर लिखे हुए कागज के टुकड़े भी मिले हैं।

कार बुक करके भारत में घूमते रहे
भारत में आकर कार बुक करते हुए 15 दिन तक भारत में घूमते रहे। दोनों चीनी नागरिक ग्रेटर नोएडा स्थित जेपी ग्रीन सोसाइटी में ठहरे थे। दोनों ने गोल्फ भी खेला था। ठहरने की व्यवस्था उनके दोस्त कैरी ने की थी। दिल्ली के गुरुग्राम से इन दोनों को शरण देने वाले कैरी नामक युवक को उसकी गर्लफ्रेंड के साथ गिरफ्तार किया गया है।

नोएडा की फैक्ट्रीज में कनेक्शन की तलाश
ग्रेटर नोएडा में कई चाइनीज इलेक्ट्रॉनिक और कंस्ट्रक्शन फैक्ट्री हैं। इनमें बड़ी संख्या में चीनी नागरिक काम करते हैं। पुलिस ने आशंका जताई है कि ऐसी ही किसी फैक्ट्री में काम करने वाला दोनों चीनी नागरिकों का मददगार हो सकता है। हालांकि अभी इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है।