बीजापुर नक्सल एनकाउंटर:मुठभेड़ में लापता जवान का अभी तक सुराग नहीं; ग्राउंड जीरो पर 250 नहीं, 600 से ज्यादा नक्सलियों की मौजूदगी का दावा

knn24news/ छत्तीसगढ़ के बीजापुर में नक्सलियों से हुई मुठभेड़ के दौरान लापता जवान का अभी तक सुराग नहीं लग सका है। लापता जवान CRPF की कोबरा बटालियन का है। SP कमललोचन कश्यप ने बताया कि जवान की लोकेशन अभी तक नहीं मिल सकी है। वहीं दूसरी ओर मुठभेड़ में शामिल एक जवान ने ग्राउंड जीरो पर 600 से ज्यादा नक्सलियों की मौजूदगी का दावा किया है, जबकि अफसर वहां 250 नक्सली होने की बात कह रहे थे।

मुठभेड़ के दौरान 21 जवान लापता हो गए थे। इनमें से 20 जवानों के पार्थिव शरीर को रविवार को एयरफोर्स की मदद से रिकवर कर लिए गया, जबकि एक जवान का पता नहीं चल सका है। लापता जवान कोबरा बटालियन के राकेश्वर सिंह मनहास बताए जा रहे हैं। CRPF की कोबरा, CRPF बस्तरिया बटालियन, DRG, CF और STF के जवानों की तर्रेम क्षेत्र के जोनागुड़ा के पास शनिवार को नक्सलियों से मुठभेड़ हुई थी। नक्सलियों के एंबुश में फंस कर 23 जवान शहीद हुए हैं।

ऑपरेशन से लौटते वक्त हुआ हमला, 600-700 नक्सली थे
मुठभेड़ में शामिल घायल ASI आनंद कुसाम ने बताया कि उनके साथ 450 जवानों की पार्टी थी। जिस ऑपरेशन के लिए भेजा गया था उसे खत्म कर लौट रहे थे। जब ऑपरेशन के लिए गए थे तब कोई नक्सली हलचल नहीं थी। लौटे तो फायरिंग हो गई। नक्सली 600 से 700 की संख्या में थे। सुबह 11 बजे मुठभेड़ शुरू हुई जो दोपहर 3 बजे तक चलती रही। वापसी में हमारी मदद के लिए जो बैकअप पार्टी आई वह हमें दो किलोमीटर पहले मिली।

मुठभेड़ में शहीद 23 जवानों में DRG के 8, STF के 6, कोबरा बटालियन के 8 और बस्तर बटालियन के 1 जवान शामिल हैं। इनमें कोबरा के एक इंस्पेक्टर और DRG के एक सब इंस्पेक्टर भी हैं। मुठभेड़ में 30 से ज्यादा जवान घायल हैं। इनमें 16 CRPF के हैं, जिनमें से 7 को रायपुर में भर्ती कराया गया है।