अंबिकापुर। ट्रांसपोर्ट नगर बहेरापारा क्षेत्र में एक युवक ने गुस्से में आकर अपने ही पिता की कुल्हाड़ी (टांगी) से हत्या कर दी। हत्या के बाद उसने शव को घर के पास बनी पानी की टंकी में डाल दिया और पास की दुकान पर जाकर बिरयानी खाकर घर लौटकर सो गया। घटना मणिपुर थाना क्षेत्र की है।
पुलिस के अनुसार, बहेरापारा निवासी पारस केरकेट्टा (50) अपने मकान में अकेले रहते थे। उनका छोटा बेटा प्रभात केरकेट्टा उर्फ लेदा (25) पास ही किराए के मकान में रहता था। सोमवार रात करीब 11 बजे प्रभात शराब के नशे में पिता के घर पहुंचा। इस दौरान पिता ने उसे डांट दिया, जिससे दोनों के बीच विवाद बढ़ गया।
आरोप है कि गुस्से में प्रभात ने घर में रखी टांगी से पिता के सिर पर कई वार किए, जिससे पारस की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी ने शव को घर के बगल में बनी छोटी पानी की टंकी में छिपा दिया।
बताया जा रहा है कि हत्या के बाद वह पास की दुकान पर गया, बिरयानी खाई और फिर घर आकर कंबल ओढ़कर सो गया। आसपास के लोगों ने विवाद होते देखा था। संदेह होने पर उन्होंने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने टंकी से शव बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि घटना गुस्से में “बाय मिस्टेक” हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।









