बोर्ड परीक्षा से पहले 5 छात्रों की आत्महत्या, प्रदेश में चिंता का माहौल

कोरबा.छत्तीसगढ़ में 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा शुरू होने से पहले छात्रों की आत्महत्या की घटनाओं ने चिंता बढ़ा दी है। पिछले 48 घंटों में कोरबा में चार और जांजगीर-चांपा जिला में एक छात्रा ने फांसी लगाकर जान दे दी।

मृतकों में अंजलि केंवट, गीता महंत, उज्जवल डनसेना, दीपांशु कौशिक और रजनी सूर्यवंशी शामिल हैं। सभी छात्र परीक्षा की तैयारी में जुटे थे।

घटनाओं के पीछे अलग-अलग कारण सामने आए हैं। कहीं पारिवारिक तनाव तो कहीं मानसिक दबाव की बात कही जा रही है। एक छात्र ने सुसाइड नोट में शव दान करने की इच्छा भी जताई है।

पुलिस सभी मामलों की जांच कर रही है। लगातार हो रही इन घटनाओं से अभिभावकों और प्रशासन में चिंता का माहौल है।