कोरबा: कोरबा में इंसानियत को शर्मसार करने वाली एक घटना सामने आई है, जहां 5 बदमाशों ने एक युवक को नग्न कर बुरी तरह पीटा और उसके चेहरे पर पेशाब किया। इसके बाद पीड़ित को नग्न अवस्था में बरपाली ओवरब्रिज के पास फेंक दिया।
पीड़ित महताब (29) ने बताया कि आरोपियों ने उसकी पत्नी से छेड़छाड़ की थी, जिसका विरोध करने पर उसे जान से मारने की धमकियां दी जाती थीं। शनिवार रात जब वह घर लौट रहा था, तभी गोलू, ईश्वर, दिलेश्वर और दो अन्य युवकों ने उसका रास्ता रोककर उसे गाड़ी में जबरन बैठा लिया।
उसे एक सुनसान जगह ले जाकर आरोपियों ने उसके कपड़े उतार दिए और लात, डंडे और बेल्ट से बेरहमी से पिटाई की। पीड़ित ने हाथ जोड़कर रहम की गुहार लगाई, लेकिन बदमाशों ने उसकी एक न सुनी। इसके बाद आरोपियों ने बारी-बारी से युवक के चेहरे पर पेशाब किया और उसे नग्न अवस्था में फेंक दिया।
इस घिनौनी घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश जारी है। पीड़ित का इलाज स्थानीय अस्पताल में चल रहा है। इस घटना ने कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।









