Monday, April 13, 2026

ब्रेकिंग न्यूज : छत्तीसगढ़ शराब घोटाले में बड़ा अपडेट, सौम्या चौरसिया और के.के. श्रीवास्तव को मिली जमानत

रायपुर। छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित शराब घोटाले में आज एक बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। मामले के मुख्य आरोपियों में शामिल सौम्या चौरसिया और के.के. श्रीवास्तव को कोर्ट से सशर्त जमानत मिल गई है। दोनों की जेल से रिहाई हो चुकी है।

कोर्ट ने जमानत देते हुए सख्त शर्तें भी लगाई हैं। आदेश के तहत दोनों आरोपियों को अपना पासपोर्ट कोर्ट में जमा करना होगा और हर पेशी में अनिवार्य रूप से उपस्थित होना पड़ेगा। उल्लेखनीय है कि दोनों आरोपी लंबे समय से इस मामले में जेल में बंद थे।

इधर, इसी मामले में आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा (EOW) ने आज अदालत में 9वां पूरक चालान पेश किया है। यह चालान सौम्या चौरसिया, के.के. श्रीवास्तव और देवेन्द्र डडसेना के खिलाफ दाखिल किया गया है।

जांच एजेंसी के अनुसार, सौम्या चौरसिया पर अपने पद का दुरुपयोग कर कथित शराब सिंडिकेट को संरक्षण देने का आरोप है। वहीं के.के. श्रीवास्तव पर अवैध नगदी के लेन-देन और पूरे नेटवर्क के संचालन में अहम भूमिका निभाने के आरोप लगे हैं।

इसके अलावा देवेन्द्र डडसेना पर आरोप है कि वह अवैध रूप से एकत्रित रकम को संभालने और उसे आगे पहुंचाने में सक्रिय रूप से शामिल था। तीनों आरोपी पहले से ही इस मामले में गिरफ्तार किए जा चुके हैं।

फिलहाल इस मामले में आगे की सुनवाई और जांच की कार्रवाई जारी है, जिससे आने वाले दिनों में और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।