ब्लास्ट में 2 जवान घायल:सर्चिंग पर निकले थे CRPF के जवान, पैर आ गया प्रेशर IED की चपेट में

छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में गुरुवार की सुबह प्रेशर IED की चपेट में आने से CRPF के 2 जवान जख्मी हो गए हैं। घायल जवानों को बीजापुर के जिला अस्पताल लाया गया है। जहां उनका इलाज जारी है। बताया जा रहा है कि दोनों जवानों को मामूली चोटें आई हैं। जिनका प्राथमिक उपचार करने के बाद बेहतर इलाज के लिए हेलिकॉप्टर के माध्यम से रायपुर ले जाने की तैयारी की जा रही है। यह दोनों CRPF 170BN के बम निरोधक दस्ता (BDS) टीम के सदस्य हैं।

जानकारी के अनुसार, जिले के मुरकीनार CRPF कैंप के जवान सुबह सर्चिंग के लिए मोदकपाल थाना क्षेत्र के हल्बापारा की टेकरी पर निकले थे। वहीं माओवादियों ने इलाके में प्रेशर IED प्लांट किया हुआ था। CRPF की BDS टीम के सदस्य शनिदुल इस्लाम व बालकिशन अपने डॉग और मेटल डिटेक्टर को लेकर सर्चिंग करते हुए आगे बढ़ रहे थे। इतने में एक जवान का पैर प्रेशर IED के ऊपर आ गया। जिससे IED ब्लास्ट हुआ और आगे जा रहा जवान भी उसकी चपेट में आ गया और दोनों घायल हो गए हैं।