Tuesday, June 30, 2026

भतीजे ने चाची पर सब्बल से वार कर उतारा मौत के घाट, हत्यारा फरार, पहले भी गाली-गलौच और कर चुका है मारपीट

बिलासपुर. रतनपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत करैहापारा में नल मे पानी भरने नल के पास खड़ी सुरेखा पाटले को उसके ही सगे भतीजे ने सिर में सब्बल से वार कर हत्या कर दी. आरोपी भतीजा वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गया है. घटना की वजह अज्ञात है. इधर घटना से गुस्साए मृतका के परिजनों ने रतनपुर थाना पहुंचकर जमकर हंगामा किया. जिस पर पुलिस को बल का प्रयोग करना पड़ा. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

मिली जानकारी के अनुसार करैहापारा में मृतिका सुरेखा पाटले सार्वजनिक नल के पास पानी भर रही थी, तभी रिश्ते में भतीजे मुकेश उर्फ पिंटू वहां पहुंचा और महिला से गाली-गलौच करते हुए अपने पास रखे सब्बल से उसके ऊपर ताबड़तोड़ हमला कर दिया. जिससे महिला की घटनास्थल मे ही मौत हो गई. वहीं घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मुकेश मौके से फरार हो गया है. आस-पास के लोगों की सूचना पर पहुंची रतनपुर पुलिस ने पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए मरच्यूरी मे रखवा दिया है.

घटना के बाद मृतिका के परिजनों ने पुलिस पर आरोप लगाते हुए कहा, कि आरोपी मुकेश के खिलाफ 4 से 5 बार थाना में लिखित शिकायत की जा चुकी है, जो हमेशा मारपीट, धमकी, गाली-गलौच करता था. फिर भी रतनपुर पुलिस ने गंभीरता नहीं दिखाई. जिसका खामियाजा आज एक महिला को अपनी जान देकर चुकाना पड़ा. मृतिका पति की मौत के बाद से अपने 3 बच्चों के साथ रहती थी, जिसकी मौत के बाद अब बच्चे बेसहारा हो गए हैं. घटना से गुस्साए परिजनों ने रतनपुर थाने का घेराव कर दिया और पुलिस पर जमकर अपनी भड़ास निकाली. माहौल गर्माता देख पुलिस ने बल का प्रयोग कर भीड़ को तितर-बितर किया. पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है.