Thursday, July 16, 2026

भद्रवाह में तनाव के बाद कर्फ्यू लगाया गया, भाजपा सांसद डॉ जितेंद्र सिंह ने जनता से की ये अपील

जम्मू कश्मीर (Jammu Kashmir) के डोडा जिले के भद्रवाह (Bhaderwah) में गुरुवार को दो समुदायों के बीच तनाव हो गया। जिस वजह से भद्रवाह में कर्फ्यू (Curfew) लगा दिया गया और सेना को फ्लेग मार्च के लिए बुलाया गया है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, मस्जिद (mosque) में दिए गए कथित भड़काऊ भाषण के बाद इलाके में तनाव फैला है। हालांकि, पुलिस ने कथित भड़काऊ भाषण (inflammatory speech) को लेकर केस दर्ज कर लिया है। जम्मू और कश्मीर पुलिस ने बताया कि डोडा जिले के भद्रवाह कस्बे में इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी गई हैं। सोशल मीडिया पोस्ट के कारण तनाव बढ़ने के बाद कल कस्बे में कर्फ्यू लगा दिया गया था। जम्मू-कश्मीर जिला प्रशासन ने कहा, एहतियात के तौर पर किश्तवाड़ जिले में कर्फ्यू लगा दिया गया है और इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी गई है।

केंद्रीय मंत्री और उधमपुर से भाजपा सांसद डॉ जितेंद्र सिंह ने भद्रवाह में दो समुदायों के बीच पैदा हुए तनाव को लेकर अपने ट्विटर अकाउंट से ट्वीट किया है। डॉ जितेंद्र सिंह ने लिखा कि कल भद्रवाह में जो अप्रिय स्थिति पैदा हुई है उससे मैं बहुत आहत हूं। मैं नम्रतापूर्वक दोनों समुदायों के बुजुर्गों और प्रमुखों से पारंपरिक सौहार्द बनाए रखने के लिए एक साथ बैठने की अपील करता हूं, जिसके लिए भद्रवाह शहर की खूबसूरती हमेशा की तरह है जिसके लिए वह जाना जाता है। एक और ट्वीट करते हुए भाजपा सांसद डॉ जितेंद्र सिंह ने लिखा, इस बीच मैं डीसी डोडा विकास शर्मा और मंडलायुक्त जम्मू रमेश कुमार के लगातार संपर्क में हूं। डीसी डोडा और एसएसपी डोडा वर्तमान में भद्रवाह में डेरा डाले हुए हैं और व्यक्तिगत रूप से स्थिति की निगरानी कर रहे हैं।