नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ सांसद रविशंकर प्रसाद के आवास में आग लगने की घटना सामने आई है। आग लगने की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग की टीमें तत्काल मौके पर पहुंच गईं।
दमकल विभाग के अनुसार, आग पर काबू पाने के लिए कई दमकल गाड़ियों को लगाया गया है और राहत एवं बचाव कार्य तेजी से जारी है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया जाएगा।
पुलिस ने बताया कि फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। स्थिति सामान्य होने के बाद आग लगने की वजहों की जांच की जाएगी। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
आग की घटना के चलते आसपास के इलाके में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा, हालांकि समय रहते दमकल और पुलिस की सक्रियता से बड़ा हादसा टल गया। प्रशासन पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है।









