रायपुर, 27 जुलाई 2025 — भारतीय जनता पार्टी छत्तीसगढ़ प्रदेश संगठन ने भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के प्रदेश अध्यक्ष रवि भगत को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। नोटिस में रवि भगत पर सोशल मीडिया के माध्यम से पार्टी नेताओं के खिलाफ लगातार दुश्मनाना और अनुशासनहीन टिप्पणी करने का आरोप लगाया गया है।
प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव के निर्देश पर भाजपा प्रदेश महामंत्री एवं मुख्यालय प्रभारी जगदीश राम रोहरा ने यह नोटिस जारी किया है।
पार्टी की छवि को नुकसान का आरोप
नोटिस में कहा गया है कि रवि भगत की गतिविधियां भाजपा की गरिमा और आचारसंहिता के खिलाफ हैं। उनके आचरण को अनुशासनहीनता की श्रेणी में रखते हुए उनसे स्पष्टीकरण मांगा गया है कि क्यों न उन्हें पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निष्कासित कर दिया जाए।
7 दिन में मांगा जवाब
रवि भगत को नोटिस जारी कर 7 दिनों की समयसीमा दी गई है। इस अवधि में यदि वह संतोषजनक उत्तर नहीं देते हैं, तो उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
पार्टी में मचा हलचल
इस कार्रवाई से प्रदेश भाजपा संगठन में हलचल मच गई है। युवा मोर्चा के कुछ कार्यकर्ताओं में इस कदम को लेकर नाराजगी देखी जा रही है, वहीं कई नेताओं ने इसे संगठनात्मक अनुशासन का सही उदाहरण बताया है।