Tuesday, May 26, 2026

भीषण गर्मी का असर: हीट स्ट्रोक से 500 से अधिक चमगादड़ों की मौत

कांकेर। छत्तीसगढ़ में पड़ रही भीषण गर्मी और हीटवेव का असर अब वन्यजीवों पर भी दिखाई देने लगा है। कोरबा के बाद अब कांकेर जिले के सरोना गांव में हीट स्ट्रोक के कारण 500 से अधिक चमगादड़ों की मौत होने की खबर सामने आई है।

नौतपा के दौरान बढ़ती गर्मी और हीटवेव अलर्ट ने वन विभाग और स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी है।

पेड़ों से गिरने लगे चमगादड़

जानकारी के अनुसार, सरोना गांव में पिछले कुछ दिनों से बड़ी संख्या में चमगादड़ अचानक पेड़ों से नीचे गिर रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि कई चमगादड़ गिरने के कुछ ही देर बाद दम तोड़ दे रहे हैं।

बताया जा रहा है कि बीते 2 से 4 दिनों के भीतर करीब 500 से अधिक चमगादड़ों की मौत हो चुकी है।

गर्मी को माना जा रहा मुख्य कारण

स्थानीय लोगों और प्रारंभिक अनुमान के अनुसार अत्यधिक तापमान और हीट स्ट्रोक को इन मौतों की मुख्य वजह माना जा रहा है। प्रदेश में लगातार तापमान 44 से 46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच रहा है, जिससे इंसानों के साथ वन्यजीव भी प्रभावित हो रहे हैं।

वन विभाग पर नजरें

घटना के बाद वन विभाग की टीम भी मामले पर नजर बनाए हुए है। विशेषज्ञों का मानना है कि लंबे समय तक अत्यधिक तापमान बने रहने से पक्षियों और वन्यजीवों के जीवन पर गंभीर प्रभाव पड़ सकता है।