शिव परिवार मां काली मंदिर परिसर, दुरपा रोड द्वारा भगवान भोलेनाथ की बारात भव्य व उत्साह के साथ 1 मार्च को शहर में निकाली जाएगी। यह बारात पावर हाउस रोड स्थित शिव मंदिर से सुबह 11 बजे दिल्ली, मथुरा, मेरठ से आए लोकनृत्य कलाकारों की झांकियों के साथ रवाना होगा। शहर भ्रमण के बाद पुराना बस स्टैंड में देव पूजन व मां काली मंदिर परिसर दुरपा रोड में पूरे विधान के साथ संपन्न होगी। जीवंत झांकियों के साथ वैवाहिक कार्यक्रम का विधान भी जीवंत होगा।
सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक भंडारा व रात 7 बजे से जागरण मां काली मंदिर परिसर में होगा। महाशिवरात्रि को लेकर लोगों में आस्था व उल्लास का माहौल जिले के प्राचीन शिव मंदिरों में देखने को मिलेगा। जो कनकी स्थित कनकेश्वरधाम व पाली के महादेव मंदिर में खास होगा। यहां सुबह से ही लोग दूर-दूर से पहुंचकर पूजन अर्चन व अभिषेक करेंगे।
महाशिवरात्रि के साथ ही इन दोनों ही शिवालयों में मेला शुरू हो जाएगा, जो अगले सप्ताह तक जारी रहेगा। कोविड महामारी के 3 साल बाद महाशिवरात्रि पर लगने वाला मेला लगेगा, जिसमें ग्रामीण अंचल के लोग अपनी जरूरतों के लिए खरीदारी करने पहुंचेंगे।
जलाराम मंदिर में नर्मदेश्वर महादेव का होगा अभिषेक
गुजराती समाज व जलाराम सेवा समिति द्वारा महाशिवरात्रि पर्व पर 1 मार्च को सुबह 7 बजे से संत जलाराम मंदिर परिसर स्थित भगवान नर्मदेश्वर महादेव का अभिषेक पूजन किया जाएगा। सुबह 8 बजे से भांग (ठंडाई) प्रसाद का वितरण किया जाएगा। शाम 6 बजे से 108 हनुमान चालीसा महापाठ, मंदिर की संध्या आरती के बाद भगवान भोलेनाथ की आरती की होगी। आरती पश्चात फलाहारी भंडारा प्रसाद का वितरण किया जाएगा। समाज के सभी सदस्यों से आयोजन में सपरिवार उपस्थित होने का आग्रह किया है।











