गुरुवार को भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने रायपुर नगर निगम मुख्यालय का घेराव कर दिया। मच्छरों की बढ़ती संख्या की वजह से युवा मोर्चा के नेताओं ने यह विरोध प्रदर्शन किया। तात्यापारा इलाके से होते हुए प्रदर्शनकारियों की रैली निगम मुख्यालय तक पहुंची। यहां पहले से ही पुलिस ने बैरिकेडिंग कर रखी थी।
भाजयुमो के नेता यहां पहुंचे तो पुलिस ने रोकना चाहा, मगर बैरिकेड तोड़ते हुए नेता निगम मुख्यालय के गेट तक पहुंच गए। पुलिस के साथ प्रदर्शनकारियों की झूमाझटकी भी हुई। धक्का-मुक्की के बीच भाजयुमो नेता महापौर एजाज ढेबर के खिलाफ नारे लगाते रहे। जब पुलिस ने भाजयुमो कार्यकर्ताओं को निगम के अंदर घुसने नहीं दिया तो गेट के बाहर ही बैठकर धरना देना शुरू कर दिया। करीब 1 घंटे की गहमागहमी के बाद भारतीय जनता युवा मोर्चा के नेता निगम के अफसरों को ज्ञापन सौंप कर लौट गए।











