रायपुर। मध्य छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में भीषण गर्मी को लेकर मौसम विभाग ने अगले 5 दिनों के लिए हीट वेव का अलर्ट जारी किया है। हालात ऐसे हैं कि दिन के साथ-साथ रात में भी लोगों को राहत नहीं मिलने वाली है, क्योंकि अगले दो दिनों तक वॉर्म नाइट (गर्म रात) की स्थिति बनी रहने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग के अनुसार बिहार से मध्य प्रदेश तक एक ट्रफ लाइन सक्रिय है, जो झारखंड और उत्तर छत्तीसगढ़ से होकर गुजर रही है। इसके प्रभाव से कुछ क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। हालांकि, इससे गर्मी में ज्यादा राहत मिलने के आसार नहीं हैं।
तापमान में होगी बढ़ोतरी
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगले दो दिनों तक तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा, लेकिन इसके बाद तीन दिनों में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। फिलहाल प्रदेश में सबसे अधिक तापमान 43.8 डिग्री सेल्सियस बिलासपुर में दर्ज किया गया है, जबकि सबसे कम तापमान 23.3 डिग्री सेल्सियस जगदलपुर में रिकॉर्ड किया गया है।
दो दिन शुष्क रहेगा मौसम
आने वाले दो दिनों तक प्रदेश में मौसम शुष्क बना रहेगा। इस दौरान कई स्थानों पर हीट वेव की स्थिति बनी रह सकती है, जिससे जनजीवन प्रभावित होने की संभावना है।
रायपुर में गर्म दिन और तपती रात
राजधानी रायपुर में आज हीट वेव के साथ वॉर्म नाइट की स्थिति रहने की संभावना है। यहां अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।







