महाराष्ट्र में सोमवार को कोरोना वायरस के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन के दो और मामलों की पुष्टि हुई है। राज्य में अब कुल मामलों की संख्या 10 हो गई है। इसके साथ ही देशभर में इसके केस बढ़कर 24 हो गए हैं। महाराष्ट्र सरकार ने बताया कि राज्य के एक 37 साल के व्यक्ति में मामले की पुष्टि हुई है। वह 25 नवंबर को दक्षिण अफ्रीका से लौटा था।
दूसरे केस की पुष्टि अमेरिका से लौटी एक 36 साल की महिला में हुई है। ये दोनों दोस्त बताए जा रहे हैं। हालांकि दोनों में किसी भी प्रकार के कोई लक्षण नहीं मिले हैं। दोनों फाइजर की वैक्सीन लगवाने के बाद भी संक्रमित पाए गए हैं। दोनों का इलाज मुंबई के 7 हिल्स अस्पताल में चल रहा है। इनके संपर्क में आए लोगों की भी पहचान कर ली गई है। पुणे के एक व्यक्ति में रविवार को ओमिक्रॉन की पुष्टि हुई थी, लेकिन उसका सैंपल दोबारा जीनोम सिक्वेंसिंग के लिए भेजा गया है। उसकी रिपोर्ट अभी नहीं आई है।











