
महाराष्ट्र के बागी शिवसेना विधायक शनिवार शाम मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के साथ वापस मुंबई लौट आए। इनकी वापसी 11 दिन बाद हुई है। सभी बागी विधायक मुख्यमंत्री के साथ मुंबई के होटल ताज प्रेसीडेंसी पहुंच गए हैं। यहां बीजेपी और शिवसेना के बागी विधायकों की संयुक्त बैठक चल रही है, इसमें आगे की रणनीति तैयार की जाएगी।
सूत्रों की मानें तो विधायक एक दिन होटल में ही रहेंगे। राज्य के डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस विधायकों से मिलने पहुंचे हैं।
महाराष्ट्र में रविवार को विधानसभा स्पीकर के लिए चुनाव होगा। शिवसेना के राजन साल्वी ने स्पीकर पद के लिए नामांकन दाखिल किया है। वहीं, महाराष्ट्र विधानसभा के अध्यक्ष के चुनाव के लिए शिवसेना ने व्हिप जारी की है। शिवसेना व्हिप चीफ सुनील प्रभु ने शिवसेना के विधायकों को 3 और 4 जुलाई को विधानसभा में हाजिर रहने को कहा है। कांग्रेस और NCP ने भी अपने विधायकों को कल विधानसभा में उपस्थित होने को कहा है।
महाराष्ट्र में एकनाथ शिंदे की सरकार बनने के बाद शिवसेना सांसद संजय राउत ने दावा किया है कि उन्हें भी गुवाहटी जाने का ऑफर मिला था, लेकिन मैं बालासाहेब ठाकरे का सच्चा अनुयायी हूं, इसलिए मैं वहां नहीं गया। जब सच्चाई आपके पक्ष में है, तो डर क्यों है?
इस दौरान मनी लॉन्ड्रिंग मामले में ईडी की पूछताछ को लेकर संजय राउत ने कहा कि मैं देश का जिम्मेदार नागरिक हूं। मेरी जिम्मेदारी है कि अगर कोई भी जांच एजेंसी मुझे पूछताछ के लिए बुलाती है तो मैं बयान दर्ज कराने जाउंगा। कुछ लोग कह रहे हैं कि मेरे साथ राजनीतिक दबाव के चलते ऐसा हो रहा है, लेकिन मुझे नहीं लगता कि ऐसी कोई बात है।
शिवसेना ने अपने मुखपत्र सामना में भाजपा पर तंज कसा है। शिवसेना ने लिखा- भाजपा के लोग बड़े मन और छोटे मन की बात कर रहे हैं, लेकिन अटल जी कह गए हैं, टूटे मन से कोई खड़ा नहीं होता। शिवसेना ने चेतावनी दी है कि सरकार अच्छे तरीके से काम करे, क्योंकि यह शिवराय का महाराष्ट्र है ना कि धृतराष्ट्र का महाराष्ट्र।









