दुर्ग। महाशिवरात्रि की बारात में युवक की हत्या के मामले में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी के अवैध कब्जे पर बुलडोजर चलाकर उसे ध्वस्त कर दिया। यह पूरा मामला भिलाई के मोहन नगर थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार, महाशिवरात्रि के दूसरे दिन 16 फरवरी की रात करीब 9:30 बजे भगवान शंकर की बारात निकाली जा रही थी। धार्मिक आयोजन में शामिल क्षय कुमार गोड उर्फ नानू को देखकर पुराने विवाद के चलते आरोपी मनीष देशमुख और उसके छह साथियों ने उस पर धारदार चाकू से हमला कर दिया। लगातार किए गए वार से गंभीर रूप से घायल नानू लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर कुल सात आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि मुख्य आरोपी मनीष देशमुख ने शक्ति नगर चौक स्थित मानस भवन के पास शासकीय भूमि पर अवैध कब्जा कर होटल संचालित कर रखा था। इस संबंध में पुलिस की रिपोर्ट पर नगर निगम दुर्ग और जिला प्रशासन ने संयुक्त कार्रवाई की।
वैधानिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद पुलिस, नगर निगम और प्रशासन की टीम ने मौके पर पहुंचकर अवैध निर्माण को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया और स्थल को अतिक्रमण मुक्त कराया।
पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई कानून व्यवस्था बनाए रखने और आपराधिक तत्वों द्वारा किए गए अवैध कब्जों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने के उद्देश्य से की गई है।








