Thursday, March 12, 2026

महिला आरक्षक ने की आत्महत्या, विभाग में मचा हड़कंप

कोंडागांव। छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले से एक दर्दनाक घटना सामने आई है। केशकाल थाने में पदस्थ महिला आरक्षक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि मृतका बस्तर फाइटर के रूप में तैनात थी। घटना के बाद पूरे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।

जानकारी के अनुसार, महिला आरक्षक हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी स्थित अपने सरकारी आवास में अकेली रहती थी। सोमवार देर रात काफी देर तक आवाज देने पर भी दरवाजा नहीं खुला। संदेह होने पर केशकाल पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़ा। भीतर देखा गया तो महिला आरक्षक का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला।

पुलिस ने तत्काल शव को फंदे से नीचे उतारा और पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए शव को मर्च्युरी भेजा गया। मृतका के पिता भी पुलिस विभाग में प्रधान आरक्षक के पद पर पदस्थ हैं।

फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। घटना ने साथी कर्मचारियों और परिजनों को गहरे सदमे में डाल दिया है।