Thursday, March 12, 2026

महिला एवं बाल विकास विभाग में रिश्वतखोरी का खुलासा, ACB ने सहायक ग्रेड-2 को रंगे हाथ पकड़ा

अंबिकापुर। महिला एवं बाल विकास विभाग में गुरुवार को भ्रष्टाचार का एक गंभीर मामला सामने आया है। एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) अंबिकापुर की टीम ने कार्रवाई करते हुए विभाग के सहायक ग्रेड-2 गिरीश कुमार वारे को 40 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित योगेश कुमार सांडिल्य, जो ग्राम दोकड़ा में भृत्य के पद पर पदस्थ हैं, का स्थानांतरण लोदाम किया गया था। आरोप है कि इस स्थानांतरण के एवज में आरोपी कर्मचारी ने उनसे 80 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की थी। पीड़ित पहले ही 30 हजार रुपये आरोपी को दे चुका था, जबकि शेष रकम के लिए लगातार दबाव बनाया जा रहा था।

पीड़ित योगेश कुमार सांडिल्य ने बताया कि जब उसने शेष राशि देने में असमर्थता जताई, तो आरोपी ने उसकी बाइक अपने कब्जे में रख ली, जिससे वह मानसिक रूप से बेहद परेशान हो गया। मजबूरी में उसने पूरे मामले की शिकायत एंटी करप्शन ब्यूरो से की।

शिकायत की प्राथमिक जांच के बाद ACB टीम ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया। गुरुवार को जैसे ही पीड़ित 40 हजार रुपये लेकर महिला एवं बाल विकास विभाग कार्यालय पहुंचा और रकम आरोपी को सौंपी, टीम ने तत्काल दबिश देकर उसे रिश्वत की राशि के साथ गिरफ्तार कर लिया।

कार्रवाई के बाद आरोपी से पूछताछ की जा रही है। ACB द्वारा मामले में आगे की विधिसम्मत कार्रवाई जारी है। इस घटना के बाद महिला एवं बाल विकास विभाग में हड़कंप मच गया है।