बलरामपुर जिले के हंसपुर गांव में प्रशासनिक अधिकारियों पर ग्रामीणों से मारपीट का गंभीर आरोप लगा है। घटना में घायल एक ग्रामीण की इलाज के दौरान कुसमी अस्पताल में मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल बताए जा रहे हैं। मामला कुसमी थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार राजस्व टीम देर रात गांव में कथित अवैध बॉक्साइट उत्खनन की जांच के लिए पहुंची थी। आरोप है कि खेत से सिंचाई कर लौट रहे तीन ग्रामीणों को रोककर उनके साथ मारपीट की गई। घायलों को वाहन से कुसमी लाया गया, जहां इलाज के दौरान 60 वर्षीय राम नरेश राम ने दम तोड़ दिया। अन्य घायलों में अजीत उरांव और आकाश अगरिया शामिल हैं।
घटना को लेकर कांग्रेस ने प्रदेश सरकार पर निशाना साधा है। देवेंद्र यादव ने आरोप लगाया कि बॉक्साइट खनन के नाम पर प्रशासन ग्रामीणों के साथ हिंसा कर रहा है और आदिवासी क्षेत्रों में दबाव बनाया जा रहा है।
बताया जा रहा है कि राजस्व टीम का नेतृत्व करूण डहरिया और पारस शर्मा कर रहे थे। घटना के बाद इलाके में तनाव को देखते हुए अस्पताल और थाना परिसर में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
फिलहाल मामले की जांच जारी है। पुलिस ने SDM सहित चार लोगों को हिरासत में लिया है, हालांकि अभी तक एफआईआर दर्ज नहीं की गई है।







