नई दिल्ली। मिडिल ईस्ट में जारी संघर्ष के बीच अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच तनाव एक बार फिर चरम पर पहुंच गया है। अफगान तालिबान के रक्षा मंत्रालय ने दावा किया है कि उसने पाकिस्तान की एयरस्ट्राइक का जवाब देते हुए कई महत्वपूर्ण सैन्य ठिकानों पर सटीक हवाई हमले किए हैं।
तालिबान प्रशासन के मुताबिक, उसकी वायुसेना ने रावलपिंडी स्थित नूर खान एयरबेस और क्वेटा में मौजूद 12वीं कोर को निशाना बनाया। इसके अलावा खैबर पख्तूनख्वा के मोहम्मद एजेंसी और घलानी सैन्य अड्डों पर भी हमले किए जाने का दावा किया गया है।
तालिबान का कहना है कि ये कार्रवाई पाकिस्तान द्वारा पहले किए गए हमलों के जवाब में की गई। उनके अनुसार, पाकिस्तान ने अफगानिस्तान की राजधानी काबुल और बगराम एयरबेस को निशाना बनाया था, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई की गई।
तालिबान ने दावा किया है कि इन हमलों से पाकिस्तान के सैन्य ढांचे को भारी नुकसान पहुंचा है और सभी हमले सटीक व समन्वित तरीके से किए गए।
हालांकि, इन दावों पर पाकिस्तान की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। विशेषज्ञों का मानना है कि अगर स्थिति नहीं संभली तो दोनों देशों के बीच तनाव और गंभीर रूप ले सकता है, जिसका असर पूरे क्षेत्रीय सुरक्षा संतुलन पर पड़ सकता है।
फिलहाल हालात पर अंतरराष्ट्रीय समुदाय की नजर बनी हुई है और स्थिति को बेहद संवेदनशील माना जा रहा है।








