Sunday, April 12, 2026

मुड़वा प्लांट में उपद्रव से डेढ़ करोड़ का नुकसान:जांजगीर में उपद्रवियों ने गाड़ियों में आगजनी-तोड़फोड़ की थी, आंकलन जारी; 400 पर FIR, 19 ही अरेस्ट

जांजगीर स्थित मड़वा पावर प्लांट में हुए उपद्रव से करीब डेढ़ करोड़ रुपए के नुकसान हुआ है। अभी आंकलन जारी है। उपद्रव में सरकारी, पुलिसकर्मियों की गाड़ियों और स्कूल बस में भी आगजनी व तोड़फोड़ की गई थी। उसका आंकलन अभी बाकी है। फिलहाल प्लांट प्रबंधन के प्राथमिक आंकड़े सामने आ चुके हैं। उसका जिक्र एसएआर में भी किया गया है। इस मामले में 400 लोगों पर FIR दर्ज है, लेकिन अभी तक सिर्फ 19 की गिरफ्तारी हो सकी है।

जिले के मड़वा, तेंदूभांठा में अटल बिहारी ताप विद्युत गृह में 2 जनवरी की शाम को तोड़फोड़ और पुलिसकर्मियों पर पथराव हुआ था। 29 दिनों से नियमितीकरण की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे भू विस्थापितों ने हंगामा शुरू किया और फिर कार, 4-5 बाइक में आग लगा दी थी। इसके अलावा प्लांट में भी जमकर तोड़फोड़ की। पुलिसकर्मियों पर भी पथराव किया। हमले में 20-25 पुलिसकर्मियों को चोंटें आईं। इनमें महिलाएं भी शामिल हैं।