Thursday, September 24, 2026

मूसेवाला के साथ जुड़े रहे विवाद:गन कल्चर को प्रमोट करने के आरोप लगे, चुनाव में हार के बाद गाने में गद्दार कहने पर भी घिरे

पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की मानसा में रविवार को गोलियां दागकर हत्या कर दी गई। कत्ल की जिम्मेदारी लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली है। 11 जून 1993 को मानसा के गांव मूसेवाला में पूर्व सैन्यकर्मी के घर जन्मे गायक का पूरा नाम शुभदीप सिंह सिद्धू है। बतौर पंजाबी गायक, रैपर, गीतकार और पंजाबी सिनेमा से जुड़े अभिनेता के तौर पर शुभदीप ने पहचान बनाई।

“निंजा लाइसेंस” गीत लिखकर करियर की शुरुआत करने वाले मूसेवाला अपने गानों को लेकर कई बार विवादों में घिरे। इलेक्ट्रिकल इंजीनियर शुभदीप ने गीत “जी वैगन” से बतौर गायक करियर शुरू किया।

मूसेवाला पर गानों में गन-कल्चर को बढ़ावा देने का आरोप शुरू से लगते रहे हैं। उन्होंने पंजाब चुनाव से पहले 3 दिसंबर 2021 को कांग्रेस जॉइन की।मानसा से चुनाव लड़ा और हारने के बाद अपने गीत में ‘गद्दार’ शब्द के इस्तेमाल को लेकर चर्चा में आए। आम आदमी पार्टी ने उन्हें इस गीत पर घेरा।

2020 में पंजाब पुलिस की शूटिंग रेंज में गोली चलाते मूसेवाला का वीडियो वायरल हुआ। कोरोना लॉकडाउन का उल्लंघन करने पर उनके खिलाफ केस हुआ। वायरल वीडियो में सिद्धू मूसेवाला बंदूक दिखा रहे थे। एके-47 राइफल के साथ ट्रेनिंग लेते भी दिख रहे थे। वीडियो में एक पुलिस अधिकारी भी दिखा था। इस मामले में डीएसपी हेडक्वार्टर को निलंबित किया गया और पांच पुलिसकर्मियों पर केस दर्ज हुआ था।

2020 में ही पखियां-2 गीत की शूटिंग के दौरान युवाओं को भड़काने का उन पर आरोप लगा। सिद्धू के साथ गायक मनकीरत औलख समेत पांच के खिलाफ केस दर्ज हुआ।

मूसेवाला के संजय दत्त से तुलना करने वाले गीत संजू पर भी सवाल उठे। उनके गीत के बोल थे ‘जट्‌ट ते वी ओही केस जेहड़ा संजय दत्त ते’। इस गाने में अपने खिलाफ दर्ज एफआईआर को ‘बैज ऑफ ऑनर’ बताने पर ओलंपियन निशानेबाज अवनीत कौर सिद्धू ने भी उनकी आलोचना की थी। मामले में मूसेवाला के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज की गई थी। मामला पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट तक पहुंचा गया था। दिसंबर 2020 में मूसेवाला ने एक और गीत ‘पंजाब’ रिलीज कर उसमें खालिस्तान समर्थक जरनैल सिंह भिंडरावाले का महिमामंडन कर विवाद खड़ा कर दिया था।