
छत्तीसगढ़ का रायगढ़ स्थित मेडिकल कॉलेज अस्पताल। यहां इलाज के लिए जा रहे हैं, तो जरा संभलकर। अस्पताल की छत भी कभी गिर सकती है। महिला वार्ड में बुधवार सुबह छत का प्लास्टर टूट कर गिर पड़ा। एक मरीज और 2 अटेंडेंट घायल हो गए। किसी का सिर फूट गया है, तो किसी की टांग टूटी है। लोक निर्माण विभाग (PWD) के इंजीनियर भी मानते हैं कि इमारत पूरी तरह से जर्जर है। इसे तुरंत खाली कर देना चाहिए, कभी भी छत गिर सकती है। उधर, अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि उन्हें बजट का इंतजार है। 8 साल से अस्पताल का मेंटेनेंस नहीं हुआ है। फिलहाल सभी मरीजों को दूसरी जगह शिफ्ट कर दिया गया है। दुर्घटना के समय वार्ड में 10 मरीज भर्ती थीं।
मेडिकल कॉलेज अस्पताल में सुबह करीब 5 बजे हादसा हुआ है। उस समय ज्यादातर मरीज और उनके अटेंडेंट सो रहे थे। हादसे में सरौनी निवासी पुष्पा (30) के चेहरे और सिर पर चोट आई। उसकी दीदी राममति वायरल होने के चलते भर्ती हैं। राममति के भी चेहरे पर चोटें आई हैं। रात को अपनी दादी को लेकर आई अमीषा यादव (20) का पैर टूट गया है। बताया जा रहा है कि पिछले हफ्ते भी प्लास्टर गिरा था, हालांकि तब किसी को नुकसान नहीं हुआ था।







