
छत्तीसगढ़ बोर्ड के 12वीं के परिणाम जारी कर दिए गए हैं। इसमें दूसरे स्थान पर बिलासपुर की खुशबू वाधवानी, तीसरे स्थान पर जांजगीर की रेणुका चंद्रा, चौथे स्थान पर रितेश कुमार साहू और पांचवे स्थान पर रायगढ़ के शिवम साव रहे हैं। इनके अलावा भी कई स्टूडेंट्स हैं, जिन्होंने पूरे राज्य में टॉप 10 में जगह बनाई है।
इधर, ऐक ऐसी भी छात्रा थी जो अपना रिजल्ट सुनते ही रोने लग गईं। रायपुर की वर्षा देवांगन ने मेरिट सूची में 10वां स्थान प्राप्त किया है। बताया गया कि उन्हें जैसे ही अपने रिजल्ट का पता लगा वो अपने पिता जामवंत के सीने से लगकर रोनी लगीं। पिता भी बेटी की सफलता पर भावुक हो गए। वर्षा ने 94.20 परसेंट मार्क्स हासिल किए हैं। वर्षा के पिता एक प्राइवेट एजेंसी में कंप्यूटर ऑपरेटर हैं। वर्षा रायपुर की अकेली छात्रा हैं, जिन्होंने मेरिट सूची में अपना नाम दर्ज करवाया है।
वर्षा ने बताया मैं गणित की स्टूडेंट हूं। 10वीं में 1 परसेंट से मैं मेरिट में आने से चूक गई थी। तभी ठान लिया था कि 12वीं में मुझे मेरिट में आना है। मैंने जब ये ठान लिया और पढ़ाई शुरू की तो गणित जैसा विषय मुश्किल नहीं लगा। मैंने कोई शॉर्टकर्ट नहीं लिया। न ट्यूशन गई, न ही एग्जाम के समय कोई शॉर्ट नोट वाली गाइड पढ़ी। सब ऐसा ही करते हैं। मैंने पूरी तरह से कॉन्सेप्ट क्लियर करने पर जोर दिया। मैं लगातार पढ़ती सीखती रही, इसी का असर मेरा रिजल्ट है। मैं आगे कृषि के क्षेत्र में अपना करियर बनाना चाहती हूं।






