कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा में घरेलू हिंसा का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां मैगी बनाने को लेकर हुए विवाद में शराब के नशे में धुत पति ने अपनी पत्नी की बेरहमी से पिटाई कर दी। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता काजल तिवारी (26), निवासी रामसागरपारा कोरबा ने थाना कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई है कि उसका विवाह 5 फरवरी 2022 को सामाजिक रीति-रिवाज से अंकित तिवारी, निवासी अशोक नगर पार्क लाइफ कॉलोनी, सरकंडा बिलासपुर के साथ हुआ था।
महिला का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही पति शराब पीकर घर आता था और छोटी-छोटी बातों पर गाली-गलौज और मारपीट करता था।
पीड़िता के अनुसार, 23 जनवरी 2026 की रात करीब 10 बजे उसका पति शराब के नशे में घर पहुंचा और देर रात मैगी बनाने की बात को लेकर विवाद करने लगा। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोपी ने गालियां देते हुए जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद उसने हाथ-मुक्कों, लातों और लोहे के पर्दे की पाइप से पत्नी को बुरी तरह पीटा।
घटना के बाद महिला ने अपने माता-पिता को मोबाइल से पूरी जानकारी दी। अगले दिन 24 जनवरी को उसके पिता मौके पर पहुंचे और उसे अपने साथ कोरबा ले आए, जहां उसने पुलिस में लिखित शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत के आधार पर थाना कोतवाली कोरबा में जीरो में अपराध दर्ज किया गया है। मामले की विवेचना के लिए केस डायरी बिलासपुर के सरकंडा थाना भेज दी गई है। पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।









