
बिलासपुर का पांच साल का मासूम बालक अरमान गणित के सवालों को मिनटों में हल कर लेता है। उसका दिमाग कम्प्यूटर की तरह तेज चलता है। यही वजह है कि इस उम्र में उसने दो-दो वर्ल्ड रिकार्ड अपने नाम कर लिए हैं। अरमान उभरानी के इस प्रतिभा को देखकर साल 2022 में इंडिया बुक ऑफ वर्ल्ड रिकार्ड के साथ ही लंदन के हावर्ड वर्ल्ड रिकार्ड से नवाजा गया है। इस अवार्ड के साथ ही वह सबसे कम उम्र में गणित के गुणांक को हल करने वाला बन गया है।
जिस उम्र में बच्चे बोलना और पढ़ना सीखते हैं, उस उम्र में बच्चे का दिमाग कम्प्यूटर की तरह काम करे, ऐसे बच्चे बहुत ही कम मिलते हैं। कुछ ऐसे ही कम्प्यूटर दिमाग वाला है बिलासपुर के तोरवा का बालक अरमान उभरानी। अरमान की मां साइना उभरानी बताती हैं कि उसे गणित से बहुत लगाव है। वह गणित के सवालों को हल करना पसंद करता है। इससे कहीं ज्यादा उसकी याददाश्त तेज है। साइना ने बताया कि बेटे के तेज दिमाग और याददाश्त को देखकर उन्हें लगा कि उसे गणित के लिए तैयार किया जाए। फिर धीरे-धीरे उसने अपनी गणना क्षमता को विकसित किया। अब वह खुद से मिनटों में गणित के गुणांक को हल कर लेता है।







