यूट्यूबर स्टार आकाश जाधव निकला गांजा तस्करी का मास्टरमाइंड, महासमुंद में 7.86 करोड़ का नशा जब्त

महासमुंद। छत्तीसगढ़ की महासमुंद पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गांजा तस्करी के अंतरराज्यीय नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। 7 से 29 जनवरी के बीच पुलिस ने 8 अलग-अलग मामलों में करीब 7.86 करोड़ रुपए का गांजा और नशीली सिरप जब्त की है। इस कार्रवाई में यूट्यूबर स्टार आकाश जाधव समेत कुल 27 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस के मुताबिक, महाराष्ट्र निवासी आकाश जाधव इस पूरे नेटवर्क का मुख्य सरगना था। यूट्यूब पर 5.68 मिलियन सब्सक्राइबर और इंस्टाग्राम पर 3.17 लाख फॉलोअर्स रखने वाला आकाश सांपों के रेस्क्यू से जुड़े वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पहचान बना चुका था। बाहर से वह पर्यावरण प्रेमी और रेस्क्यूअर की छवि दिखाता था, लेकिन अंदरखाने वह ओडिशा से महाराष्ट्र तक गांजा तस्करी का बड़ा नेटवर्क चला रहा था।

फॉर्च्यूनर कार समेत संपत्ति जब्त

महासमुंद और महाराष्ट्र पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में आकाश जाधव की फॉर्च्यूनर कार समेत करीब डेढ़ लाख रुपए की संपत्ति भी जब्त की गई है। पुलिस ने बताया कि पुणे के एक पुराने मामले में आकाश पिछले 6 महीनों से फरार चल रहा था। हाल ही में एम्बुलेंस के जरिए गांजा तस्करी की जो खेप पकड़ी गई थी, वह भी आकाश जाधव से ही जुड़ी हुई थी।

कोमाखान थाना क्षेत्र में ऐतिहासिक कार्रवाई

कोमाखान थाना क्षेत्र में पुलिस को अब तक की सबसे बड़ी सफलता हाथ लगी है। यहां से 950 किलो गांजा जब्त किया गया, जिसकी कीमत करीब 4.75 करोड़ रुपए आंकी गई है। इस मामले में महाराष्ट्र के जालना जिले के परिवहनकर्ताओं के साथ मुख्य व्यवस्थापक प्रदीप मुसदवले को गिरफ्तार किया गया है।

520 किलो गांजा, पुणे के कुख्यात सोनवाने परिवार की गिरफ्तारी

एक अन्य कार्रवाई में पुलिस ने 520 किलो गांजा (कीमत करीब 2.60 करोड़ रुपए) बरामद किया। इस मामले में पुणे के कुख्यात सोनवाने परिवार के रामदास सोनवाने, कुनाल सोनवाने और प्रतीक सोनवाने को गिरफ्तार किया गया है। साथ ही ओडिशा के कालाहांडी जिले के सप्लायर रंजन दुर्गा को भी पुलिस ने दबोच लिया है।

जांच जारी, और खुलासों की उम्मीद

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है और आने वाले दिनों में इस नेटवर्क से जुड़े और बड़े नाम सामने आ सकते हैं। महासमुंद पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स की इस कार्रवाई को नशे के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी सफलताओं में से एक माना जा रहा है।