रायपुर। संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की सिविल सेवा परीक्षा में छत्तीसगढ़ के दो अभ्यर्थियों ने सफलता हासिल कर प्रदेश का नाम रोशन किया है। एमसीबी जिले की दर्शना सिंह ने 283वीं रैंक प्राप्त की है, जबकि धमतरी जिले के परसवानी गांव के रहने वाले डीएसपी डायमंड सिंह ध्रुव को 623वीं रैंक मिली है।
दर्शना सिंह के पिता अरुण सिंह राशन दुकान संचालक हैं और उनकी माता सीमा सिंह नगर पंचायत जनकपुर की भाजपा पार्षद हैं। दर्शना ने कड़ी मेहनत और लगन के साथ यूपीएससी की तैयारी कर यह उपलब्धि हासिल की है। उनकी इस सफलता से जिले और प्रदेश में खुशी का माहौल है। माना जा रहा है कि दर्शना सिंह का चयन भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के लिए हो सकता है।
वहीं धमतरी के परसवानी गांव निवासी डायमंड सिंह ध्रुव वर्तमान में छत्तीसगढ़ पुलिस सेवा में डीएसपी के पद पर पदस्थ हैं। उन्होंने पहले ही प्रयास में छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (सीजीपीएससी) की परीक्षा पास कर डीएसपी का पद हासिल किया था। अब यूपीएससी में 623वीं रैंक प्राप्त कर उन्होंने एक और बड़ी सफलता दर्ज की है।
दर्शना सिंह और डायमंड सिंह ध्रुव की उपलब्धि पर विभिन्न जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और नागरिकों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। दोनों की सफलता को प्रदेश के लिए गौरव का विषय बताया जा रहा है।






