रंग झांझर अवार्ड 2025-26: इशिका यादव बनीं सर्वश्रेष्ठ छत्तीसगढ़ी फिल्म अभिनेत्री,कोरबा की बेटी ने बढ़ाया मान

रायपुर/कोरबा। छत्तीसगढ़ी सिनेमा के लिए गर्व का पल उस समय आया जब कोरबा की बेटी और लोकप्रिय अभिनेत्री इशिका यादव ने रंग झांझर अवार्ड 2025-26 में सर्वश्रेष्ठ फिल्म अभिनेत्री का खिताब अपने नाम किया। उन्हें यह सम्मान सुपरहिट छत्तीसगढ़ी फिल्म ‘मोर छंइहा भुईयां–3’ में उनके प्रभावशाली और दमदार अभिनय के लिए दिया गया।

रंग झांझर अवार्ड का आयोजन हर वर्ष छत्तीसगढ़ी फिल्म इंडस्ट्री एसोसिएशन द्वारा किया जाता है, जिसमें प्रदेश के फिल्म जगत में उल्लेखनीय योगदान देने वाले कलाकारों को सम्मानित किया जाता है। इस प्रतिष्ठित मंच पर इशिका यादव को सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री के रूप में चुना जाना उनकी मेहनत और लोकप्रियता का प्रमाण है।

निर्देशक सतीश जैन का जताया आभार
अवार्ड मिलने के बाद इशिका यादव ने इस उपलब्धि का श्रेय अपने परिवार, मित्रों और प्रशंसकों को दिया। उन्होंने फिल्म के निर्देशक सतीश जैन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ‘मोर छंइहा भुईयां–3’ जैसी बड़ी और चर्चित फिल्म में काम करने का अवसर मिलना उनके करियर का अहम पड़ाव रहा, जिसकी बदौलत उन्हें यह सम्मान प्राप्त हुआ।

मेहनत से बनाई अलग पहचान
छत्तीसगढ़ी फिल्म इंडस्ट्री में लंबे समय से सक्रिय इशिका यादव ने अपने अभिनय, समर्पण और कड़ी मेहनत के दम पर एक अलग पहचान बनाई है। लगातार हिट फिल्मों में नजर आ रहीं इशिका को आज प्रदेश की उभरती हुई सुपरस्टार्स में गिना जाता है।

कोरबा में खुशी की लहर
इशिका यादव कोरबा की रहने वाली हैं और एसईसीएल की एसबीएस कॉलोनी में निवास करती हैं। उनके इस बड़े सम्मान के बाद कोरबा पहुंचने पर स्थानीय लोगों और प्रशंसकों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। इशिका की इस उपलब्धि ने न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे कोरबा और छत्तीसगढ़ का मान बढ़ाया है।