Monday, May 18, 2026

राजधानी एक्सप्रेस में भीषण आग : B1 कोच जलकर खाक, 68 यात्रियों को सुरक्षित निकाला गया

Trivandrum Hazrat Nizamuddin Rajdhani Express के दो कोचों में रविवार सुबह भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। हादसा सुबह करीब 5:15 बजे Kota Rail Division के लूणी रीछा और विक्रमगढ़ आलोट स्टेशन के बीच हुआ। आग ट्रेन के B-1 एसी कोच और उसके पीछे लगे सेकेंड लगेज कम गार्ड वैन में लगी थी।

घटना की जानकारी मिलते ही कोटा जंक्शन पर अलर्ट जारी किया गया और राहत-बचाव दल मौके के लिए रवाना हुआ। रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, B-1 कोच में उस समय 68 यात्री सवार थे। गार्ड ने सबसे पहले धुआं और आग की सूचना लोको पायलट को दी, जिसके बाद तुरंत ट्रेन को रोका गया।

15 मिनट में खाली कराया गया कोच

सीनियर डिवीजनल कॉमर्शियल मैनेजर Saurabh Jain ने बताया कि ट्रेन स्टाफ ने तेजी दिखाते हुए करीब 15 मिनट में पूरे कोच को खाली करा लिया। आग तेजी से फैल रही थी और कुछ ही देर में पूरा कोच इसकी चपेट में आ गया। हालांकि समय रहते यात्रियों को बाहर निकाल लेने से बड़ा हादसा टल गया और किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।

आग फैलने से रोकने के लिए कोच अलग किया गया

रेलवे अधिकारियों ने बताया कि आग को ट्रेन के अन्य हिस्सों में फैलने से रोकने के लिए करीब 20 मिनट बाद प्रभावित कोच को ट्रेन से अलग कर दिया गया। आसपास के स्टेशनों से रेलवे कर्मचारियों और स्थानीय प्रशासन की टीमों को भी मौके पर बुलाया गया।

आग इतनी भीषण थी कि कुछ ही समय में B-1 कोच का अधिकांश हिस्सा जलकर खाक हो गया। वहीं लगेज वैन में रखा यात्रियों का सामान भी आग की भेंट चढ़ गया। राहत और बचाव दल ने सुबह करीब 7:30 बजे तक आग पर पूरी तरह काबू पा लिया।

रेलवे ट्रैक धीरे-धीरे खोला गया

रेलवे के अनुसार, आग बुझने के बाद दोनों कोचों में भारी धुआं भर गया था, जिससे जांच कार्य में परेशानी हुई। फिलहाल ट्रैक को धीरे-धीरे खोला जा रहा है और आसपास के स्टेशनों पर रुकी ट्रेनों को आगे रवाना करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

जानकारी के मुताबिक, त्रिवेंद्रम राजधानी सुबह 3:45 बजे Ratlam Junction से रवाना हुई थी और इसका अगला स्टॉप कोटा जंक्शन था। राजस्थान में प्रवेश से पहले ही विक्रमगढ़ आलोट स्टेशन के पास यह हादसा हो गया। रेलवे ने आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी है।