राज्यसभा में धक्कामुक्की पर बवाल जारी:मारपीट का आरोप लगाते हुए रो पड़ीं फूलोदेवी नेताम; कांग्रेस नेताओं ने भाजपा की महिला सांसदों और मंत्रियों के खिलाफ लगाए मुर्दाबाद के नारे

पिछले सप्ताह राज्यसभा में विपक्ष के प्रदर्शन और मार्शलों की धक्कामुक्की से उपजा बवाल बढ़ता जा रहा है। पिछले दिनों भाजपा सांसद सुनील सोनी ने छत्तीसगढ़ की दो कांग्रेस सांसदों फूलोदेवी नेताम और छाया वर्मा पर संसद की महिला मार्शलों से मारपीट का आरोप लगाया था। आज छत्तीसगढ़ महिला कांग्रेस की अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद फूलोदेवी नेताम राज्यसभा में उस दिन का घटनाक्रम बताते हुए रो पड़ीं। बुधवार को कांग्रेस के नेताओं ने भाजपा की महिला सांसदों और मंत्रियों के खिलाफ नारे मुर्दाबाद के नारे लगाए। प्रदर्शन के दौरान पुतला दहन भी किया गया।

कांग्रेस के प्रदेश मुख्यालय राजीव भवन में प्रेस से बात करते हुए सांसद फूलोदेवी नेताम ने कहा, भाजपा के शासन में महिलाएं सड़क से संसद तक कहीं भी सुरक्षित नहीं हैं। हमने सदन में महिला सुरक्षा, कृषि बिल आदि को लेकर सरकार की नीतियों का विरोध किया। उस दिन संसद स्थगित होने की स्थिति में थी। अचानक बिना किसी सूचना के सरकार बीमा विधेयक ले आई। विरोध करना हमारा संवैधानिक अधिकार है। हम विरोध कर रहे थे। अचानक मार्शलों को बुला लिया गया। पुरुष मार्शलों ने महिला सांसदों को धक्का दिया। मैं भी गिर गई। मेरे हाथ और कमर में चोट आई। वहां सभी सांसदों ने देखा। अब भाजपा के लोग हम पर ही मारपीट का आरोप लगा रहे हैं। यह बात कहते हुए फूलोदेवी नेताम रो पड़ीं।