Thursday, March 12, 2026

राज्योत्सव की तैयारी में बड़ी लापरवाही! पशु पकड़ने वाली ट्राली में ले जाए गए मुख्यमंत्री और मंत्रियों के कटआउट, निगम अफसरों पर गिरी गाज

कोरबा.  छत्तीसगढ़ में सरकारी कार्यक्रमों की तैयारी के दौरान एक और गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है। राज्योत्सव की तैयारियों में कोरबा नगर निगम के अधिकारियों की बड़ी चूक ने प्रशासनिक जिम्मेदारी पर सवाल खड़े कर दिए हैं। दरअसल, नगर निगम द्वारा मुख्यमंत्री, राज्य सरकार के मंत्रियों और महापौर संजू देवी राजपूत के कटआउट्स को पशु पकड़ने वाली ट्राली (Cow Catching Trolley) में ले जाया गया।

इस घटना की तस्वीरें जैसे ही सोशल मीडिया पर वायरल हुईं, राजनीतिक गलियारों में हड़कंप मच गया। वायरल फोटो में निगम की पशु ट्राली में मुख्यमंत्री, मंत्रियों और महापौर के कटआउट रखे हुए दिखाई दे रहे हैं। यह दृश्य न केवल प्रशासनिक असावधानी को दर्शाता है, बल्कि इसे आम जनता और विपक्ष ने “संवेदनहीनता की पराकाष्ठा” बताया है।

 महापौर ने जताई कड़ी नाराजगी

मामले के सामने आने के बाद महापौर संजू देवी राजपूत ने इस कृत्य पर नाराजगी व्यक्त की और इसे नगर निगम अधिकारियों की गंभीर गलती बताया। उन्होंने कहा कि इस तरह की लापरवाही सरकारी सम्मान और मर्यादा दोनों के खिलाफ है।

निगम आयुक्त की कार्रवाई

विवाद तूल पकड़ते ही नगर निगम आयुक्त ने तुरंत संज्ञान लिया और इस मामले में तीन अधिकारियों को नोटिस जारी किया गया है। उनसे 48 घंटे के भीतर स्पष्टीकरण मांगा गया है। आयुक्त ने चेतावनी दी है कि जवाब असंतोषजनक पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

 पहले भी हो चुका है विवाद

गौरतलब है कि कुछ दिन पहले ही बिलासपुर के सीपत थाने में ‘सुशासन तिहार’ का पोस्टर, जिसमें प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री की तस्वीरें लगी थीं, टॉयलेट की दीवार पर लगाने को लेकर बड़ा विवाद हुआ था। उस मामले में भाजपा के विरोध प्रदर्शन के बाद थानेदार को हटाया गया था।