Sunday, April 19, 2026

रायपुर-कोरबा नेशनल हाईवे पर भीषण हादसा: ट्राला में लगी आग, चालक की जिंदा जलकर मौत

तखतपुर, 19 अप्रैल 2026। छत्तीसगढ़ में रायपुर-कोरबा नेशनल हाईवे पर रविवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। समलपुरी ब्रिज के पास तेज रफ्तार ट्राला अज्ञात वाहन से टकरा गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्राला बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें आग लग गई। हादसे में ट्राला चालक की मौके पर ही जिंदा जलकर मौत हो गई।

मृतक की पहचान झारखंड निवासी अरविंद भारद्वाज के रूप में की गई है। यह पूरी घटना सकरी थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया गया।

पुलिस द्वारा नेशनल हाईवे पर यातायात सुचारू बनाए रखने के लिए क्षतिग्रस्त वाहन को हटाने का प्रयास किया जा रहा है। फिलहाल अन्य किसी के हताहत होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

एसएसपी रजनेश सिंह ने प्रारंभिक जांच में बताया कि संभवतः चालक को झपकी आने के कारण यह हादसा हुआ। सकरी थाना प्रभारी विजय चौधरी अपनी टीम के साथ मौके पर मौजूद हैं और मामले की जांच जारी है।

इस दर्दनाक घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है, वहीं पुलिस हादसे के अन्य कारणों की भी जांच कर रही है।